ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुरानी दोस्ती, निजी तस्वीरों और कथित ब्लैकमेलिंग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। कंपू थाना क्षेत्र की ललितपुर कॉलोनी में एक महिला ने अपने पूर्व पुरुष मित्र पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक के चेहरे, आंख के पास और हाथ में चोटें आई हैं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने महिला को चाकू के साथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समझाने पहुंची थी महिला, विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की उम्र करीब 40 वर्ष है और वह कंपू थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। बुधवार रात महिला उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद भी युवक उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था और लगातार संपर्क कर उसे परेशान कर रहा था।
बताया जा रहा है कि महिला ने युवक को समझाने की कोशिश की और परेशान करना बंद नहीं करने पर पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने पहले महिला के साथ मारपीट की। इसके बाद गुस्से में महिला ने कमरे में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने बीच-बचाव करते हुए महिला को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

