बांदीपोरा : बांदीपोरा पुलिस ने शनिवार को बताया कि उन्होंने प्रतिबंधित संगठन ‘इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन’ से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि अलगाववादी प्रचार, जेल के भीतर संपर्क और पाकिस्तान से कथित फंडिंग के मामले में केस दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि बांदीपोरा पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 168/2026 के तहत, ‘गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम’ (UAPA) की धारा 10 और 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच की शुरुआत कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा निवासी वहीद अहमद भट से हुई।
जानकारी के अनुसार भट को पहले 2022 में हुई एक कॉन्फ्रेंस के बाद कुपवाड़ा में UAPA के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। कुपवाड़ा जेल में रहने के दौरान, उसने कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर मंजूर अहमद शाह से फिर से संपर्क साध लिया था।”
अधिकारी ने बताया कि जेल में एक अन्य कैदी की मदद से, इस नेटवर्क ने अपनी विचारधारा फैलाने और समर्थन जुटाने के लिए बैठकें करनी शुरू कर दीं। इसमें महिलाओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है।
उन्होंने बताया कि अगस्त 2024 में मेडिकल आधार पर रिहा होने के बाद, भट ने बांदीपोरा और आसपास के इलाकों में 14 से 15 गुप्त बैठकें कीं। इनमें से पांच-छह बैठकें बांदीपोरा-बारामूला मार्ग पर स्थित एक छोटे से होटल में की गई थीं।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का भी पता चला है। अधिकारी के अनुसार, पिछले एक साल से अधिक समय में इस मॉड्यूल को कथित तौर पर 7 से 8 लाख रुपये भेजे गए हैं। उन्होंने बताया, “कुल रकम में से लगभग 2.26 लाख रुपये बांदीपोरा के दाचीगाम की मुबीना बानो के J&K बैंक खाते में जमा किए गए थे, जबकि बाकी रकम कथित तौर पर कैश कूरियर के जरिए भेजी गई थी। इस रकम का कुछ हिस्सा साथियों के बीच बांटा गया, जबकि कुछ हिस्सा भट के इलाज पर खर्च किया गया।”
अधिकारी ने आगे बताया कि अब तक गिरफ्तार किए गए छह लोगों की पहचान मुबीना बानो, वहीद अहमद भट, खुशबू जान, महक जान, आलिया जान और इरफान अहमद रेशी (उर्फ रईस) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा, “जांच के दौरान कुछ और लोगों की भूमिका सामने आई है, जिनमें एक धार्मिक मौलवी और कुपवाड़ा के दो कथित कूरियर शामिल हैं। उनकी कथित संलिप्तता और पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस कथित नेटवर्क के पूरे दायरे, फंडिंग के तरीकों और इसमें शामिल हर व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

