Viral Video: मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले 4 कर्मचारियों को इस साल दिवाली गिफ्ट में नई किआ सोनेट कार मिली है. 24 अक्टूबर को कंपनी के फाउंडर एम.के. भाटिया और सीईओ शिल्पा चंदेल ने पंचकूला स्थित शोरूम पर आकर खुद इन एम्प्लाइज को कार की चाबी सौंपी है और दिवाली की बधाई दी है. फाउंडर ने कहा कि इन कर्मचारियों ने पूरे साल कड़ी मेहनत और लगन के साथ काम किया है. इसी के फल स्वरूप उन्हें कंपनी की तरफ से यह इनाम मिला है.
किसे-किसे मिली कार?
मिट्स ग्रुप के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन कर्मचारियों को नई किआ सोनेट कार गिफ्ट में मिली है, उनके नाम नितिन नेगी, निर्मल, वीनस और गुरवीर हैं. कंपनी ने कहा, ‘यह कदम उन लोगों के प्रति हमारा धन्यवाद और सम्मान दिखाता है, जिनकी मेहनत से कंपनी आगे बढ़ रही है.’
कंपनी ने जारी किया वीडियो
चारों गाड़ियों की डिलीवरी का जो वीडियो कंपनी की तरफ से जारी किया गया है, उसमें एमके भाटिया को BMW कार से शोरूम में एंटर होते देखा जा सकता है. फाइनल रिवील सेरेमनी के लिए चारों SUV को काले कपड़े से ढका गया था. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक-एक करके, चारों कर्मचारी अपनी-अपनी गाड़ियों से कवर हटाते हैं, जो उन्हें कंपनी की तरफ से उपहार में मिली थीं. डीलरशिप ने केक काटने की रस्म के लिए चार केक का भी इंतजाम किया था. इसके बाद, चारों कर्मचारी कंपनी के अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर नाचने लगते हैं और इस डिलीवरी का जश्न मनाते हैं.

