रायपुर 09 जनवरी 2025/ छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल क्षेत्र को झारखंड से जोड़ने के लिए कन्हर नदी पर बन रहा उच्च स्तरीय पुल स्थानीय लोगों के आवागमन को आसान करेगा। लगभग 15.20 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस पुल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। पुल के शुरू हो जाने से क्षेत्र के लगभग 20 गांवों की 40 हजार से अधिक आबादी को बारहों महीने निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सनावल क्षेत्र के लोग रोजमर्रा की खरीदारी और इलाज के लिए झारखंड के गढ़वा, नगर उटारी और धुरकी शहरों पर निर्भर हैं। अभी इन शहरों तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बनने के बाद यह दूरी आधी हो जाएगी। धौली से गढ़वा की वर्तमान दूरी 100 किलोमीटर से घटकर 55 किलोमीटर रह जाएगी। धौली से नगर उटारी की वर्तमान 70 किलोमीटर की दूरी घटकर 35 किलोमीटर हो जाएगी।
पुल के निर्माण से वाड्रफनगर और रामचंद्रपुर तहसील के गांव सीधे झारखंड से जुड़ जाएंगे। इससे न केवल व्यापारिक-व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन भी सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा रामचंद्रपुर विकासखंड के धौली और झारखंड के बालचौरा के बीच इस पुल का निर्माण किया जा रहा है। 312 मीटर लंबाई और 8.4 मीटर चौड़ाई वाले इस पुल का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अभी तक 12 पियर और दो अबटमेंट में से पांच पियर और एक अबटमेंट का काम पूर्ण हो गया है। शेष कार्य तेजी से पूर्णतः की ओर है, इसे जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
पुल के निर्माण से सनावल क्षेत्र के धौली, कामेश्वरनगर, झारा, कुशफर, सेमरवा, इंद्रावतीपुर, बरवाही, दोलंगी, ओरंगा, रेवतीपुर, सुंदरपुर, सुरंगपान, कुण्डपान, पिपरपान, डुगरु, पचावल, त्रिशूली, सिलाजू, उचरवा, आनंदपुर जैसे 20 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, झारखंड के गढ़वा, नगर उटारी और धुरकी आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को पुल निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय-सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। यह पुल न केवल क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाएगा, बल्कि यह झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच व्यापारिक और सामाजिक रिश्तों को भी मजबूत करेगा।
Trending
- चिदंबरम मंदिर के पीछे क्यों पड़ी तमिलनाडु सरकार सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भी मंदिर को कब्जे में क्यों लेना चाहती?
- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन पर पार्टी मुख्यालय में विशेष पूजा और हवन का आयोजन
- छत्तीसगढ़: 97 जुआरियों से 2.7 लाख जब्त… अवैध शराब परिवहन करते युवक गिरफ्तार…
- छत्तीसगढ़:दीपावली के दिन मौत का तांडव! यात्रियों से भरी बस और ट्रक में भीषण भिड़ंत…
- नवजोत सिंह सिद्धू के घर आए किन्नर, पोती आर्या को दिया आशीर्वाद…
- दिवाली पर कैसे करें लक्ष्मी-गणेश की पूजा? क्या रहेगा पूजा का शुभ मुहूर्त? यहां जानें…
- वाराणसी में एक हफ्ते रहने के बाद एक विदेशी युवती ने बताया कि काशी की गलियों में शवयात्राएं देखकर मौत को लेकर उसकी सोच बदल गई…
- तबीयत खराब होने की अफवाहों के बीच अमिताभ बच्चन ने दी दीपावली पर बधाई… बोले-लिखने वाले हाथ में हो रहा है कष्ट…

