छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर: हर जोन में बनेगा पिंक टॉयलेट, मेयर काउंसिल की बैठक में हुआ अहम फैसला

मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। जल संकट से निपटने के लिए मिलने वाली राशि को पहले के डेढ़ करोड़ रुपए से बढ़ाकर अब तीन करोड़ रुपए कर दिया गया है।

बिलासपुर। मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक गुरुवार को महापौर पूजा विधानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में महिलाओं को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया गया। नगर निगम के आठों जोन में जरूरत के अनुसार पिंक टॉयलेट बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। यह सुविधा वर्किंग वूमेन और बाजार या सार्वजनिक स्थानों पर जाने वाली महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी।

बैठक में नगर विकास से जुड़े कई अहम निर्णय भी लिए गए, जिनका मकसद शहर को बेहतर बनाना है। इसमें कई जनकल्याणकारी प्रस्तावों को मंजूरी के लिए भेजा गया है।

श्रद्धांजलि योजना की राशि में बढ़ोतरी

एमआईसी ने श्रद्धांजलि योजना के तहत मिलने वाली राशि को दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपए करने का निर्णय लिया है। वहीं, हर साल जल संकट से निपटने के लिए मिलने वाली राशि को डेढ़ करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपए कर दिया गया है।

पाइपलाइन में सुधार और जल आपूर्ति की तैयारी

जल संकट से निपटने के लिए अब पतले प्लास्टिक पाइप की जगह एलडीएचई मोटे पाइप से पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा। गर्मी में पेयजल की समस्या से तत्काल निपटने के लिए प्रत्येक जोन को एक-एक लाख रुपए की राशि दी गई है, जिससे छोटी खराबियों को तुरंत ठीक किया जा सके।

दुकान की किस्त पटाने का अंतिम मौका

नगर निगम के नए व्यवसायिक कॉम्पलेक्सों में दुकानों के आवंटन के बाद कई लोगों ने केवल पहली किस्त अदा की है और उसके बाद भुगतान नहीं किया। ऐसे में निगम ने उन्हें 30 अप्रैल तक किस्त पटाने का अंतिम मौका दिया है। तय समय सीमा के बाद आवंटन रद्द कर दिया जाएगा और अब तक दी गई राशि राजसात कर ली जाएगी।

अवैध नल कनेक्शन पर सख्ती

जोन क्रमांक 2 में 42 लोगों को अवैध नल कनेक्शन और पानी की बर्बादी के लिए नोटिस जारी किया गया है। ये उपभोक्ता कमर्शियल उपयोग के लिए पानी का दुरुपयोग कर रहे हैं। नगर निगम ने इस पर सख्त रुख अपनाया है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button