
रायपुर। उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि राज्य में ‘संकल्प’ नामक कोई भी माओवाद उन्मूलन अभियान नहीं चलाया जा रहा है। उन्होंने उन मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन किया है, जिनमें दावा किया गया था कि बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर ‘संकल्प’ नाम से एक माओवादी विरोधी अभियान चलाया गया और यह अभियान पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस या किसी संयुक्त बल द्वारा ऐसा कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा है। साथ ही, मीडिया में 22 माओवादियों के मारे जाने का जो आंकड़ा प्रस्तुत किया गया है, वह भी गलत और भ्रामक है।
छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सक्रिय हैं माओवादी
इस दौरान यह भी उल्लेखनीय है कि माओवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर सुरक्षाबलों ने माओवादियों को घेर लिया है। इस दबाव के चलते माओवादी संगठन अब शांति वार्ता की बात भी करने लगे हैं।
तेलंगाना में ग्रेहाउंड फोर्स पर हमला
वहीं दूसरी ओर, तेलंगाना में माओवादियों ने ग्रेहाउंड फोर्स को निशाना बनाया। आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर ग्रेहाउंड के 5 जवान शहीद हो गए। इसके बाद माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने भी गोलियां चलाईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में 10 माओवादियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।