बिलासपुर समाचार: समझौते के लिए पहुंचे इंजीनियर पति से पत्नी ने कहा- पहले ईसाई धर्म अपनाओ
चकरभाठा के इंजीनियर मयंक पांडेय की पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया, जबकि समझौते के दौरान पत्नी ने मयंक से ईसाई धर्म अपनाने की शर्त रखी, जिसे उन्होंने नकारते हुए पुलिस में शिकायत की। मामला शून्य दर्ज कर मध्यप्रदेश जांच के लिए भेजा गया है।

बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र के बोदरी में रहने वाले इंजीनियर मयंक पांडेय और उनकी पत्नी रंजना पांडेय के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पत्नी की शिकायत पर मध्यप्रदेश पुलिस ने मयंक के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। मामले से बचने के लिए मयंक अपनी पत्नी से समझौता करने पहुंचे, लेकिन पत्नी ने इस शर्त पर समझौता करने की बात कही कि मयंक को ईसाई धर्म अपनाना होगा।
इस शर्त से परेशान मयंक ने इस पूरे मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज किया और जांच के लिए इसे मध्यप्रदेश भेजने का फैसला लिया।
मयंक (36) की शादी रंजना से 2019 में मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले के आमाडांड में हुई थी। पारिवारिक विवाद के कारण रंजना अपने मायके चली गई और वहां अनुपपुर महिला थाने में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मयंक और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया और उसे अदालत में पेश किया।
मयंक ने बताया कि 10 मार्च को अदालत में पेशी के दौरान उसने अपनी पत्नी से आपसी समझौते की बात की, लेकिन पत्नी ने उसे बताया कि एक स्कूल की प्रिंसपल ने उसका धर्म परिवर्तन कराया है और अब वह मयंक से भी ईसाई धर्म अपनाने की शर्त रख रही है। इस शर्त से मयंक सदमे में आ गए और घर आकर उन्होंने अपने परिजनों से इस बारे में चर्चा की।
मयंक ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने उसे धर्म परिवर्तन करने पर 50 हजार रुपये और एक अच्छी नौकरी दिलाने का वादा किया था। साथ ही, उसने धर्म परिवर्तन कराने के लिए कुम्हारी की प्रिंसपल से मिलने की भी बात कही थी। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



