2026 के चुनाव में हिस्सा लेंगे इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि वह 2026 के संसदीय चुनावों में हिस्सा लेंगे। बता दें, गाजा में इजरायल और हमास के बीच दो सालों से चले युद्ध के बाद युद्धविराम हुआ है। इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री ने चुनाव में शामिल होने की बात कही है। इजरायली मीडिया 14 के साथ एक इंटरव्यू के दौरान पीएम नेतन्याहू ने यह घोषणा की। उनसे पूछा गया था कि क्या वह एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने जवाब दिया, “हां।”
फिर जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें जीत की उम्मीद है, तो नेतन्याहू ने कहा, “हां। इससे पहले 2022 में इजरायल में चुनाव हुए थे, जिसमें नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी ने 32 सीटें जीती थीं और 120 सीटों वाली इजरायली संसद, या नेसेट के 64 सदस्यों ने उन्हें सरकार बनाने के योग्य माना था। नेतन्याहू ने उसी साल दिसंबर में देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से वे गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं।



