हांगकांग एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे से फिसलकर समुद्र में गिरा कार्गो प्लेन, 2 की मौत

हांगकांग इंटनेशनल हवाई अड्डे पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. दुबई से उड़ान भरने वाला एक मालवाहक विमान तड़के हांगकांग एयरपोर्ट पर उतरते समय हादसे का शिकार हो गया. प्लेन रनवे से फिसलकर समुद्र में जा गिरा, इस हादसे में दो लोगों की मौत की खबर स्थानीय मीडिया के हवाले से सामने आई है. ये जानकारी हवाई अड्डा संचालक ने दी.
हादसे के बाद की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें एयरएक्ट लिवरी वाला एक बोइंग 747 मालवाहक विमान एयरपोर्ट की समुद्री दीवार के पास पानी में आंशिक रूप से डूबा हुआ दिखाई दे रहा है. इसमें एक एस्केप स्लाइड लगी है. प्लेन के आगे और पीछे के हिस्से अलग दिखाई दे रहे हैं.
प्लेन में सवार चार क्रू मेंबर्स किए गए रेस्क्यू
हांगकांग एयरपोर्ट की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, प्लेन में सवार चार क्रू मेंबर्स को रेस्क्यू कर लिया गया है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने पुलिस के हवाले से बताया कि प्लेन के फिसलने से रनवे के पास खड़े एक वाहन में सवार दो लोगों की मौत हो गई, आशंका है कि प्लेन उस विमान से टकरा गया था.हालांकि पुलिस की तरफ से इस पर अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.



