जापान को मिली देश की पहली महिला प्रधानमंत्री

टोक्यो । जापान को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री मिल गई हैं। 64 वर्षीय रूढ़ीवादी साने ताकाइची को जापानी संसद की निचली सदन ने प्रधानमंत्री चुना है। ये देश के राजनीतिक इतिहास में एक ऐतिहासिक घटना है। वह आज शाम को जापान के 104वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। चीन की मुखर आलोचना के लिए चर्चित ताकाइची ने सदन में 465 में से 237 वोट पाकर बहुमत हासिल किया है। ताकाइची को उच्च सदन से समर्थन मिल सकता है।
ताकाइची को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर जापानी भाषा में लिखा, ‘मैं सुश्री साने ताकाइची को जापान की प्रधानमंत्री नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई देता हूं। मैं जापान और भारत के बीच बनी विशेष रणनीतिक वैश्विक साझेदारी को और मज़बूत बनाने के लिए मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उसके बाहर शांति, स्थिरता और समृद्धि प्राप्त करने के लिए मज़बूत जापान-भारत संबंध एक अनिवार्य तत्व हैं।
जापान को पिछले 5 साल में 5वां नया प्रधानमंत्री मिला है। ताकाइची प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की जगह लेंगी, जिन्होंने सितंबर, 2024 में पद संभाला था। ताकाइची भारत को विशेष रणनीतिक साझेदार मानती हैं। वे क्वाड और हिंद-प्रशांत में सहयोग बढ़ाने पर जोर देती रही हैं।



