अंतर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश में सोते हुए गराज कर्मचारी को जिंदा जलाया, नहीं थम रही हिंदुओं की हत्याएं

नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या  का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नरसिंगदी में एक 23 साल के हिंदू युवक की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान चंचल चंद्र भौमिक के रूप में हुई है।

चंचल गराज में काम करता था। रात में सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे आग के हवाले कर दिया। ये घटना बांग्लादेश की राजधानी ढाका से महज 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नरसिंगदी में घटी है।

चंचल की मौत के बाद बांग्लादेश में एक बार फिर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। चंचल नरसिंगदी के लक्ष्मीपुर गांव का निवासी था। वो खानाबाड़ी मस्जिद के पास एक बाजार में गराज की दुकान पर काम करता था।

दम घुटने से हुई चंचल की मौत

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात को चंचल काम खत्म करने के बाद गराज में ही सोने लगा। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने गराज में आग लगा दी। गराज में पेट्रोल, इंजन ऑयल समेत कई ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे। ऐसे में पलक झपकते ही आग की लपटें पूरे गराज में फैल गईं। आग के धुएं से दम घुटने के कारण चंचल की सोते समय ही मौत हो गई। वहीं चंचल के शरीर पर जलने के निशान भी मिले हैं।

CCTV में कैद हुई वारदात

गराज के पास लगे CCTV कैमरे में आरोपी को गराज में आग लगाने हुए देखा गया है। पुलिस आरोपी की पहचान कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर खतरा

बांग्लादेश में 2022 में हुई जनगणना के अनुसार, कुल 1 करोड़ 30 लाख के आसपास हिंदू जनसंख्या है, जो बांग्लादेश की कुल जनसंख्या का 7.95 प्रतिशत है। जुलाई 2024 में भड़की हिंसा के बाद कई हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है।

पिछले हफ्ते भी भीड़ ने गाजीपुर में एक हिंदू की पीट-पीट कर गत्या कर दी थी। इसके अलावा सिलहट में एक हिंदू के घर को आग के हवाले कर दिया गया था और फेनी में हिंदू ऑटो रिक्शा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

Related Articles

Back to top button