बलौदाबाजार शहर के तहसील कार्यालय में सुबह अचानक लग गई भीषण आग…

बलौदाबाजार। शहर के तहसील कार्यालय में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग की ओर से लगी बताई जा रही है, जो देखते ही देखते तहसीलदार कार्यालय की ओर फैलने लगी।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे बलौदाबाजार की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में आग लगी। आग लगने से तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्से जले हैं।
वहीं मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और सभी दस्तावेजों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।



