उधमपुर: शुक्रवार सुबह NHW-44 के उधमपुर-चेनानी हिस्से में टोल्डी नाला के पास एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से अमरनाथ यात्रा के 5 यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। यह हादसा सुबह करीब 6:10 बजे MP13ZY-2836 नंबर की अर्टिगा गाड़ी के साथ हुआ।
अधिकारियों ने जानकारी देते बताया कि घायल सभी पांचों लोग मध्य प्रदेश से अमरनाथ यात्रा पर आए यात्री हैं। इनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। CRPF की 137वीं बटालियन, गोरखा 4/3, सिविल डिफेंस, ट्रैफिक पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए तुरंत एसोसिएटेड हॉस्पिटल, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, उधमपुर ले जाया गया।
घटना की पुष्टि करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद उन्होंने उधमपुर के DC श्री मिंगा शेरपा से बात की। उन्होंने बताया कि 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल है और इसलिए उसे तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू रेफर कर दिया गया है। मंत्री ने कहा कि हर संभव मदद दी जा रही है। उनका ऑफिस लगातार संपर्क में है।

