Close Menu
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Trending
    • ‘वाइब’ ने पहले दिन कमाए ₹2.25 करोड़,‘मडगांव एक्सप्रेस’ की ओपनिंग कलेक्शन को पछाड़ा
    • हाईकोर्ट में एक हिंदू और मुस्लिम लड़कियों का समलैंगिक जोड़ा सुरक्षा की मांग लेकर पहुंचा, हाईकोर्ट ने मामले पर कह दी बड़ी बात…
    • सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजा डी किंग यानी राकेश त्रेहान 22 सितंबर को चंडीगढ़ में आईफोन लंगर का करेंगे आयोजन…
    • आगर-मालवा में बगलामुखी मंदिर के पास नाले में बही कार, तीन बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत
    • ममता को एक और झटका,रेजीनगर से भी उम्मीदवार ने वापस लिया नाम
    • दिल्ली : घर में लगी भीषण आग, LPG सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत
    • ‘मैं अपने माता-पिता का शुक्रिया करता हूं’, CM विजय के बेटे ने डेब्यू फिल्म के ऑडियो लॉन्च पर कही ये बात
    • नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर भड़कीं ममता बनर्जी, पूछा- ‘अचानक पुराना केस खोलकर कार्रवाई क्यों?’
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Chhattisgarh RajyaChhattisgarh Rajya
    Saturday, September 19
    • खानपान-सेहत
    • फीचर
    • राशिफल
    • लेख-आलेख
    • व्यापार
    • बिलासपुर
    • रायपुर
    • भिलाई
    • राजनाँदगाँव
    • कोरबा
    Chhattisgarh RajyaChhattisgarh Rajya
    Home»व्यापार»अमेरिका के बाद जापान ने बढ़ाई ब्याज दर, बाजारों की नजर अब भारत पर टिकी, रेपो रेट बढ़ा तो महंगे हो जाएंगे लोन
    व्यापार

    अमेरिका के बाद जापान ने बढ़ाई ब्याज दर, बाजारों की नजर अब भारत पर टिकी, रेपो रेट बढ़ा तो महंगे हो जाएंगे लोन

    chhattisgarhrajya.inBy chhattisgarhrajya.inSeptember 18, 2026
    Facebook Twitter WhatsApp Email Telegram
    Share
    Facebook Twitter LinkedIn Pinterest Email

    अमेरिका के बाद जापान ने भी प्रमुख ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। जापान के केंद्रीय बैंक ने ब्याज दर बढ़ाकर 1.25% कर दी है। यह करीब 31 साल में बैंक ऑफ जापान की सबसे ऊंची ब्याज दर है। बैंक ने महंगाई के 2% टार्गेट से ऊपर निकलने के खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया है। इस फैसले के बाद दुनिया के वित्तीय बाजारों की नजर अब भारत की मौद्रिक नीति पर भी टिक गई है। बैंक ऑफ जापान की दो दिन चली बैठक शुक्रवार को खत्म हुई। इसमें ब्याज दर को 1% से बढ़ाकर 1.25% करने के प्रस्ताव को 7-2 वोट से मंजूरी मिली। बोर्ड के सदस्य तोइचिरो असादा और अयानो सातो ने इस फैसले का विरोध किया।

    31 साल के हाई पर जापान की ब्याज दर

    जापान लंबे समय तक बेहद कम ब्याज दर वाली अर्थव्यवस्था रहा है। ऐसे में 1.25% तक पहुंची दर उसके लिए बड़ा बदलाव है। बैंक ऑफ जापान ने साफ संकेत दिया है कि अगर अर्थव्यवस्था और महंगाई का उसका अनुमान सही साबित होता है तो आगे भी ब्याज दरें बढ़ाई जा सकती हैं। 1.25% की दर अब उस अनुमानित दायरे के निचले स्तर के भीतर आ गई है, जिसे बैंक तटस्थ ब्याज दर मानता है। यानी ऐसा स्तर जो अर्थव्यवस्था को न तो ज्यादा बढ़ावा देता है और न ही उस पर खास दबाव डालता है।

    एक ही महीने में BOJ, Fed और ECB ने बढ़ाई दरें

    इस फैसले की खास बात यह भी है कि एक ही महीने में बैंक ऑफ जापान, अमेरिकी फेडरल रिजर्व और यूरोपीय सेंट्रल बैंक ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। इससे वैश्विक स्तर पर महंगाई को लेकर केंद्रीय बैंकों की चिंता साफ दिखाई देती है। जापान के इस कदम के बाद शुरुआती कारोबार में येन डॉलर के मुकाबले करीब 0.5% कमजोर होकर 156.75 प्रति डॉलर पर आ गया। हालांकि, इस महीने अब तक येन करीब 2% मजबूत हुआ है।

    एचएसबीसी के चीफ एशिया इकोनॉमिस्ट फ्रेड न्यूमैन के मुताबिक, बैंक ऑफ जापान के बयान और दो सदस्यों की असहमति से संकेत मिलता है कि आगे दरों में बढ़ोतरी को लेकर बैंक अभी सतर्क रुख अपना सकता है। बाजार की नजर अब इस बात पर होगी कि दिसंबर में फिर दर बढ़ाने के संकेत मिलते हैं या नहीं।

    भारत पर क्यों पड़ सकता है असर?

    जापान में ब्याज दर बढ़ने का असर सिर्फ जापानी बाजार तक सीमित नहीं रह सकता। वैश्विक निवेशकों के लिए अमेरिका और जापान जैसे बड़े बाजारों में मिलने वाला रिटर्न महत्वपूर्ण होता है। अगर जापान में ब्याज दरें लगातार बढ़ती हैं तो कुछ निवेशक अपने पैसे का रुख जापान की ओर कर सकते हैं।

    सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, जापान की दर बढ़ने से अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर पर दबाव आ सकता है। इससे विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs के लिए जापानी एसेट्स आकर्षक हो सकते हैं। हालांकि, उनके मुताबिक निवेशक तुरंत अपना पैसा नहीं निकालेंगे और आगे जापान में होने वाली संभावित दर बढ़ोतरी पर नजर रखेंगे। उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में इसका सकारात्मक असर हो सकता है, क्योंकि अमेरिकी बॉन्ड और डॉलर पर दबाव बनने की संभावना है।

    RBI पर भी बढ़ सकता है दर बढ़ाने का दबाव

    जापान, अमेरिका और यूरोप के बाद अब भारत की ब्याज दर नीति पर भी बाजार की नजर है। खासकर तब, जब भारत और दूसरे देशों के बीच ब्याज दर का अंतर कम होता है तो विदेशी निवेश को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

    यस बैंक के चीफ इकोनॉमिस्ट इंद्रनील पैन के मुताबिक, भारत में ब्याज दर बढ़ाने का चक्र अपेक्षाकृत जल्दी शुरू करने की जरूरत पड़ सकती है। उनके अनुसार, दरों का अंतर कम होने से रुपये पर दबाव बढ़ सकता है। फिलहाल कई अर्थशास्त्री भारतीय रिजर्व बैंक से 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। दिसंबर 2025 में RBI ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती करके इसे 5.25% किया था।

    एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की लीड इकोनॉमिस्ट माधवी अरोड़ा के मुताबिक, अक्टूबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है। हालांकि, उनका अनुमान है कि आगे दरों में बढ़ोतरी का चक्र सीमित रह सकता है और कुल बढ़ोतरी करीब 50 से 75 बेसिस पॉइंट तक हो सकती है।

    RBI के लिए चुनौती बनी महंगाई

    भारत में महंगाई के आंकड़े भी ब्याज दर को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं। जुलाई में खुदरा महंगाई 4.5% और जून में 4.4% रही थी। यानी लगातार तीसरे महीने खुदरा महंगाई 4% से ऊपर बनी हुई है। खाद्य महंगाई जुलाई में बढ़कर 6% हो गई, जबकि इससे पिछले महीने यह 5.5% थी। चीनी और सब्जियों की कीमतों में तेजी का इसमें बड़ा योगदान रहा। इसी दौरान कोर महंगाई भी 3.9% से बढ़कर 4.2% हो गई।

    डीबीएस बैंक की सीनियर इकोनॉमिस्ट राधिका राव के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, वैश्विक वित्तीय परिस्थितियों के सख्त होने, घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती और कोर महंगाई में बढ़ते दबाव को देखते हुए आने वाले समय में सीमित दर बढ़ोतरी की जरूरत बन सकती है।

    अगर आरबीआई अपनी 5 से 7 अक्टूबर के बीच होने वाली बैठक में रेपो रेट में इजाफा करता है, तो बैंक भी लोन्स पर ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं। इससे होम लोन, पर्सनल लोन और अन्य लोन्स पर ब्याज दरें बढ़ने का दबाव बढ़ जाएगा।

    दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों का सख्त रुख

    बैंक ऑफ जापान के अलावा बैंक ऑफ इंग्लैंड ने भी संकेत दिया है कि अगर मिडिल ईस्ट का संघर्ष लंबा खिंचता है तो ब्याज दर बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है। ऑस्ट्रेलिया के रिजर्व बैंक ने भी महंगाई से जुड़े कुछ जोखिमों के बढ़ने की बात कही है।

    मिडिल ईस्ट में लंबे समय से जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। महंगा तेल दुनिया भर में महंगाई का दबाव बढ़ा सकता है। ऐसे में केंद्रीय बैंकों के सामने आर्थिक विकास और महंगाई के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती और बड़ी हो गई है।

    भारत के लिए आने वाले महीनों में महंगाई, कच्चे तेल की कीमत, रुपये की चाल, विदेशी निवेश और अमेरिका-जापान के ब्याज दर अंतर अहम संकेतक रहेंगे। इन्हीं से यह तय करने में मदद मिलेगी कि आरबीआई आगे ब्याज दरों को लेकर क्या रुख अपनाता है।

    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Email
    chhattisgarhrajya.in
    chhattisgarhrajya.in
    • Website

    Related Posts

    भारत में iPhone 18 Pro और Pro Max की बिक्री शुरू, जानिए EMI, बैंक ऑफर्स और टॉप मॉडल की कीमतें

    September 18, 2026

    ऑयल इंडिया गहरे पानी में तेल ढूंढ़ने के लिए करेंगी 15,000 करोड़ का निवेश, 8 कुएं खोदने की है योजना

    September 18, 2026

    देश में बढ़ सकता है तेल का संकट, Saudi Aramco ने रोकी भारतीय रिफाइनरीज को क्रूड ऑयल की सप्लाई

    September 17, 2026

    Address - Gayatri Nagar, Near Ashirwad Hospital, Danganiya, Raipur C.G.

    Chandra Bhushan Verma
    Owner & Editor
    Mobile - 9826237000 Email - chhattisgarhrajya.in@gmail.com
    Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest
    • About Us
    • Contact Us
    • Privacy Policy
    • Terms and Conditions
    • Disclaimer
    © 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.