मुंबई : लालबाग इलाके में रविवार रात करीब 2 बजे गणपति पंडाल के बाहर करंट लगने से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि अन्य चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना मुंबई लालबाग के कालाचौकी क्षेत्र में दत्ताराम लाड मार्ग पर स्थित कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुई। गणपति उत्सव के दौरान लालबाग इलाके में भारी भीड़ जमा थी। इसी बीच, अचानक पंडाल में बिजली का करंट फैलने से अफरातफरी मच गई।
अचानक बिजली का करंट फैलने से 2 लड़के और 3 लड़कियां इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं। हादसे के तुरंत बाद सभी पांचों पीड़ितों को भायखला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने एक 8 वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की आंटी किस्मती यादव ने हादसे की पूरी कहानी बताई. 8 वर्षीय बच्ची रागिनी की आंटी किस्मती यादव ने बताया कि हम लोग यहां रात दो बजे आए थे. रात 2:15 बजे रोड की लाइन में लगे थे. करीब 2:40 बजे हम लोग हादसे वाली जगह पर पहुंचे थे. वहां भीड़ काफी बढ़ गई थी, हम लोग विचार कर रहे थे कि आगे नहीं जाएंगे. मंडप के बगल में एक दुकान के पास बच्ची को लेकर हम लोग साइड में रुके. जैसे ही हम लोग दुकान के पास खड़े हुए तो वहां और भीड़ बढ़ गई.
किस्मती यादव ने बताया कि दुकानदार ने आगे की तरफ तिरपाल लगाया हुआ था, जिसमें पानी भरा था. भीड़ से तिरपाल पर झटका लगा तो करंट फैल गया. लगता है कि पानी में पहले से ही करंट था. हमारी बच्ची चली गई, ऐसा किसी दूसरे बच्चे के साथ न हो, जिसके मां-बाप को यह दिन देखना पड़े. गणपति देखने के लिए बच्चे यूपी से आए थे. अब देखिए क्या हो गया, बच्ची की जान चली गई.
अधिकारियों ने बताया कि ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला की भी चोटों के कारण मौत हो गई. फायर ब्रिगेड से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार तड़के 2 बजे हुई, जब पंडाल के पास श्रद्धालु मौजूद थे. खबरों के अनुसार, 8 से 20 साल की उम्र के दो लड़कों और तीन लड़कियों को बिजली का झटका लगा और वे झुलस गए. घटना के बाद, सभी पांचों पीड़ितों को इलाज के लिए बायकुला के मसीना हॉस्पिटल ले जाया गया. डॉक्टरों ने 8 साल की बच्ची रागिनी घनश्याम यादव को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया. किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) का घटना में लगी चोटों का इलाज जारी है. घायलों में से एक लड़की की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आगे के इलाज के लिए परेल के ग्लोबल हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया. बाकी तीन घायल पीड़ितों का इलाज मसीना हॉस्पिटल में चल रहा है और उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

