राजस्थान- सीकर जिले में शादी के नाम पर ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने शादीशुदा महिला पर दूसरी शादी कर धोखाधड़ी करने और घर से जेवरात लेकर जाने का मामला दर्ज करवाया है। आरोप है कि शादी के सात महीने बाद महिला ने दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
जिसके बाद युवक को महिला के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। महिला पर लाखों रुपए के गहने लेकर जाने का भी आरोप लगाया गया है। युवक ने महिला और उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिवादी पचार गांव निवासी मुकेश प्रजापत ने न्यायालय के इस्तगासे के जरिए दांतारामगढ़ थाना में मामला दर्ज करवाया है।
शिकायत में बताया कि ब्यावर निवासी आरोपी मोहनलाल और उनकी पत्नी रुकमा देवी ने अपनी बेटी डिंपल को अविवाहित बताकर 20 जनवरी 2025 को उसके घर लेकर आए थे। इसी दौरान मुकेश और डिंपल की शादी तय हुई। 1 मार्च 2025 को जयपुर में आयोजित एक सम्मेलन में दोनों की शादी करवाई गई।
बाद में शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। मुकेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के 5 से 7 दिन बाद ही डिंपल अपने पीहर चली गई। करीब एक महीने बाद वह वापस ससुराल आई, लेकिन फिर पारिवारिक कार्यक्रम का हवाला देकर मायके लौट गई।
शिकायत में बताया गया कि 10 जून 2025 को डिंपल दोबारा ससुराल आई। इसके बाद 20 जून को वह यह कहकर लाखों रुपए के जेवरात ले गई कि पीहर में शादी का कार्यक्रम है और कार्यक्रम के बाद जेवर वापस ले आएगी।
मुकेश ने आरोप लगाया कि 16 अक्टूबर 2025 को डिंपल ने शादी के सात महीने बाद जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद उसने जानकारी जुटाई तो पता चला कि डिंपल की पहली शादी 2016 में राजसमंद निवासी निर्मल कुमार से हो चुकी थी। आरोप है कि महिला के पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसके माता-पिता ने उसकी दूसरी शादी करवा दी। साथ ही महिला ससुराल से लाखों रुपए के जेवर लेकर चली गई।

