क्रिकेट की दीवानगी ने ली जान, भारत के विकेट पे मचाया शोर, अन्य युवक ने पीट पीटकर मार डाला

हाजीपुर : बिहार के वैशाली महनार थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कल शाम टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच देखने को लेकर दो लोगों में विवाद इतना ज्यादा बढ़ा कि 17 साल के एक लड़के को पीट-पीटकर मार डाला गया है।
बिहार में क्रिकेट के प्रति दीवानगी एक किशोर की मौत का कारण बन गई। महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच को लेकर हुए विवाद में कुंदन की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मैच के दौरान टीम इंडिया का विकेट गिरने पर हुई सामान्य प्रतिक्रिया ने उग्र रूप धारण कर लिया, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। गंभीर रूप से घायल कुंदन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
विकेट गिरने के शोर पर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि घटना के समय जक्कोपुर गांव के कुछ युवक मोबाइल पर भारत-न्यूजीलैंड का फाइनल मुकाबला देख रहे थे। मैच के दौरान जैसे ही भारतीय टीम का एक विकेट गिरा, कुंदन ने जोर से हल्ला किया। पास ही खड़े अन्य युवक को यह शोर नागवार गुजरा और देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने कुछ ही मिनटों में हिंसक मोड़ ले लिया। आरोपियों ने युवक को जमीन पर पटक दिया और उस पर जोरदार प्रहार किए।
सिर पर लगी गंभीर चोट बनी जानलेवा
वैशाली जिले में हुई इस घटना से हर कोई हैरान है। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि बहस के दौरान 18 वर्षीय किशन कुमार ने 17 वर्षीय कुंदन को जोर से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। गिरने के कारण कुंदन के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी हालत तुरंत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक कुंदन अचेत हो चुका था। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा है।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
गांव वालों ने बताया कि घायल किशोर को आनन-फानन में महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे हाजीपुर सदर अस्पताल और फिर पटना (PMCH) रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही कुंदन की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।



