राजस्थान के सीकर में स्थित खाटू धाम एक बार फिर खूनी अखाड़ा बन गया है. इस बार गेस्ट हाउस संचालक आपस में भिड़ गए हैं. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. मारपीट व तोड़फोड़ का ढाई मिनट का CCTV वीडियो सामने आया है. मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही अन्य आरोपियों की तालाश जारी है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गेस्ट हाउस को सीज कर दिया है. पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. गाड़ी भरकर आए आरोपियों ने गेस्ट हाउस में घुस कर पहले की जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की, लेकिन अब माफी मांग रहे हैं. यह विवाद आपसी रंजिश व कर्मचारियों की दलबदल से उपजा था.
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
खाटूश्याम के श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस में शुक्रवार (2 मई) को हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार आपसी रंजिश, विशेषकर कर्मचारियों के दल-बदल को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान कुछ गेस्ट हाउस संचालकों द्वारा अवैध रूप से परिसर में प्रवेश कर तोड़फोड़ और मारपीट की गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की. पुलिस की इस सक्रियता के चलते तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
साथ ही, कानून-व्यवस्था की अवहेलना और पुलिस-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावर पक्ष के गेस्ट हाउसों के खिलाफ सीजर (सीलिंग) की कार्रवाई शुरू कर दी है. सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है. उन्होंने कहा है कि अशांति पैदा करने वाले किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा.

