सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में फायरिंग, पुराने विवाद को लेकर बदमाशों के बीच हुआ गैंगवार

भोपाल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी हमीदिया अस्पताल में गोलीबारी की खबर सामने आई है। यहां बदमाशों द्वारा चलाई गोली इमरजेंसी गेट पर लगी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि, पुरानी रंजिश के चलते ये गोलीकांड किया गया है। ये भी जानकारी सामने आई है कि, पहले बदमाशों ने शहर के एक पुराने बदमाश लल्लू रईस के घर में घुसकर 8 से 9 राउंड फायर किए हैं। इस फायरिंग में लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हुआ है। इमरान के पैर में गोली लगी है। इसी के चलते परिजन इमरान को लेकर हमीदिया पहुंचे थे, लेकिन यहां भी पहुंचे और फायरिंग कर दी।
पुराने विवाद में चली गोलियां
राजधानी में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. बदमाश अब बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच बदमाशों द्वारा भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में ही गोली चला दी। बताया जा रहा है कि, भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहने वाला पुराने बदमाश लल्लू रईस के घर में घुसकर बदमाश शादाब ने गोलियां चलाईं, जिससे लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया। उसके पैर मे गोली लगने की खबर है। घायल अवस्था परिजन उसे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पीछे से आए शादाब ने हमीदिया परिसर में एक बार फिर फायरिंग कर दी। इस बार गोली इमरजेंसी के गेट पर पड़ी, जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। वहीं, जानकारी ये भी है कि, इस वारदात में एक सुरक्षाकर्मी भी बाल-बाल बचा है। फिलहाल, वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। फिलहाल, कोहेफिजा और टीला जमालपुरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस की मुखबरी करने पर फायरिंग
घायल इमरान के पिता लल्लू रईस ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा- उसकी शादाब से दुश्मनी चल रही है। ये इलाके में जुआ-सट्टा कराता है, जिसकी सूचना हम पुलिस को देते हैं। यही कारण है कि, ये हमसे दुश्मनी रखे हुआ है। रईस के मुताबिक, इससे पहले भी वो बेटे इमरान पर चाकू से हमला कर घायल कर चुका है।’ वहीं, दूसरी तरफ टीआई केजी शुक्ला का कहना है कि, ‘वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी हैं। आपको ये भी बता दें कि, आरोपी शादाब 6 महीने पहले ही हत्या के मामले में सजा काटकर जेल से आया है।



