राजनीतिराष्ट्रीय

केरल चुनाव, कांग्रेस में दरार, थरूर ने आलाकमान की बैठक से बनाई दूरी

ब्यूरो— नई दिल्ली, कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार को केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में दिल्ली में बुलाई गई पार्टी हाईकमान की बैठक में शामिल नहीं हुए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर यह चर्चा तेज हो गई कि वह राहुल गांधी से कथित तौर पर नाराज हैं और पर्याप्त सम्मान नहीं मिलने से असंतुष्ट हैं। हालांकि बाद में कांग्रेस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि थरूर ने केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में मौजूद रहने के लिए बैठक से अनुपस्थित रहने की अनुमति पहले ही ले ली थी। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, शशि थरूर अपने संसदीय क्षेत्र तिरुवनंतपुरम में मौजूद रहना चाहते थे, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को रोड शो और जनसभा की। इससे पहले, सूत्रों ने संकेत दिया था कि थरूर ने दिल्ली की बैठक में भाग नहीं लिया क्योंकि उन्हें कोच्चि में महापंचायत के एक कार्यक्रम में ‘अपमानित’ महसूस हुआ था, जहां पार्टी सांसद राहुल गांधी भी मौजूद थे। थरूर कांग्रेस के राज्य (केरल) और केंद्रीय नेतृत्व दोनों से नाराज बताए जा रहे हैं, जिसके कारण उन्होंने बैठक में शामिल न होने का निर्णय लिया।

कोच्चि के कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था और वक्ताओं के क्रम को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। बताया गया कि थरूर से कहा गया था कि उनके बाद केवल राहुल गांधी ही संबोधित करेंगे, लेकिन बाद में कई अन्य नेताओं ने भी भाषण दिया। इसे थरूर की वरिष्ठता के लिहाज से सार्वजनिक तौर पर प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना गया, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ी। बताया गया कि महापंचायत के दौरान राहुल गांधी ने अपने भाषण में शशि थरूर का नाम नहीं लिया, जिसे पार्टी के भीतर खास तौर पर नोट किया गया। इससे कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं के बीच वरिष्ठ नेताओं के सम्मान और आंतरिक अनुशासन को लेकर बहस छिड़ गई। कांग्रेस ने शशि थरूर की कथित नाराजगी या बैठक में उनकी अनुपस्थिति पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button