मुख्य समाचार

पाली में लेपर्ड का आतंक, 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसा

पाली: राजस्थान के पाली जिले में जंगली जानवरों की आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। मंगलवार देर रात एक लेपर्ड ने घर में घुसकर पालतू कुत्ते का शिकार कर लिया। पूरी घटना महज कुछ सेकेंड में हुई और घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बताया जा रहा है कि लेपर्ड ने करीब 8 सेकेंड के भीतर कुत्ते को मुंह में दबाया और खेतों की तरफ भाग गया।

लेपर्ड देर रात कॉलोनी के पास दिखा

यह घटना देसूरी क्षेत्र की सेली माता कॉलोनी के नीचे स्थित रेबारियों की ढाणी की है। मंगलवार रात करीब 11 बजकर 38 मिनट पर लेपर्ड कॉलोनी के पास खेतों की तरफ से आया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शिकार करने से पहले वह कुछ समय तक खेत में घात लगाकर बैठा रहा और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।

घर के बाहर बंधा था पालतू कुत्ता

मिली जानकारी के अनुसार, रेबारियों की ढाणी में देसूरी के पूर्व सरपंच प्रवीण सोलंकी का घर है। घर के सामने उनका खेत है और बीच में कॉलोनी की सड़क गुजरती है। मंगलवार रात प्रवीण सोलंकी अपने पालतू कुत्ते को घर के बाहर बांधकर सो गए थे। इसी दौरान लेपर्ड वहां पहुंच गया और मौके की तलाश में कुछ देर तक आसपास मंडराता रहा।

7 फीट ऊंची दीवार फांदकर पहुंचा अंदर

सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि लेपर्ड ने अचानक घर की तरफ दौड़ लगाई और करीब 7 फीट ऊंची दीवार को फांदकर अंदर घुस गया। अंदर पहुंचते ही उसने बंधे हुए कुत्ते को मुंह में दबाया और तेजी से वापस खेतों की दिशा में भाग निकला। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि कुत्ते को बचाने का मौका ही नहीं मिल पाया।

आवाज सुनकर बाहर आए परिजन

कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के सदस्य बाहर दौड़कर आए, लेकिन तब तक लेपर्ड कुत्ते को लेकर खेतों की तरफ जा चुका था। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और स्थानीय लोग रात के समय खास सतर्कता बरत रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे लोगों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button