राजनीति

जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव में महायुति की हैट्रिक, शिंदे बोले- ‘जनता के भरोसे पर खरे उतरेंगे’

महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में महायुति ने शानदार जीत दर्ज करते हुए जीत की हैट्रिक लगा दी है. इससे पहले नगर परिषद-नगर पंचायत और फिर महानगरपालिका चुनावों में भी महायुति ने दमदार प्रदर्शन किया था. अब जिला परिषद-पंचायत समिति में मिली सफलता के साथ महायुति ने यह साफ कर दिया है कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में जनता का भरोसा उसके साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है.

जनता का शिवसेना पर भरोसा

चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इन चुनावों में जनता ने शिवसेना को भरपूर समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ आंकड़ों की नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है. शिवसेना पर जो भरोसा जनता ने जताया है, जनता के उस भरोसे पर खरे उतरेंगे और जमीनी स्तर पर विकास को और तेज किया जाएगा.

ग्रामीण इलाकों में भी मजबूत हुआ आधार

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता द्वारा शिवसेना को मिला प्रचंड समर्थन यह दिखाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पार्टी का आधार अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुआ है.

रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे जिलों में मिली जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कोकण की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि वह सच्ची शिवसेना के साथ खड़ी है.

शिंदे ने कहा कि वंदनीय बालासाहेब ठाकरे ने शिवसेना को घर-घर तक पहुँचाने का जो सपना देखा था, वह आज साकार होता दिखाई दे रहा है. इस जीत के मौके पर उन्हें बालासाहेब की बहुत याद आ रही है. उन्होंने खास तौर पर गाँव-देहात की “लाड़ली बहनों” का आभार जताया, जिन्होंने अपने “लाड़ले भाई” को भरपूर प्यार और समर्थन दिया.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 3 वर्षों में महायुति सरकार ने शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के लिए कई अहम फैसले लिए हैं. सड़कों का विकास, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई परियोजनाओं को गति, शिक्षा में सुधार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं का असर अब साफ दिख रहा है. ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए सिर्फ निधि ही नहीं दी गई, बल्कि प्रशासन को ज्यादा सक्षम बनाने पर भी जोर दिया गया.

कार्यकर्ताओं की मेहनत लाई रंग

शिंदे ने कहा कि इस सफलता के पीछे पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, गाँव-गाँव में किया गया काम और जनता के मुद्दों पर ली गई स्पष्ट भूमिका है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता द्वारा दिए गए विश्वास को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा. जिला परिषदों के जरिये ग्रामीण विकास, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के हित में और ज्यादा जिम्मेदारी के साथ काम किया जाएगा.

Related Articles

Back to top button