Rishabh Pant Statement: पंजाब किंग्स से 37 रन से हारने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की प्लेऑफ की राह और भी कठिन हो गई है। यह ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ की लगातार तीसरी हार थी। हार के बाद ऋषभ पंत को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है, जहां फैंस उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन और कप्तानी पर सवाल उठा रहे हैं।
हालांकि, इन आलोचनाओं के बावजूद पंत को अपनी टीम पर पूरा विश्वास है। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में लखनऊ के कप्तान ने कहा कि वह अब भी अगले तीन मैचों में जीत की उम्मीद रखते हैं और उनका सपना है कि टीम प्लेऑफ में पहुंचे।
पंत ने LSG की हार की वजह बताते हुए कहा कि 236 रन का लक्ष्य हासिल करना बेहद कठिन था, लेकिन उन्होंने अपनी टीम की फील्डिंग को सबसे बड़ी खामी मानते हुए कहा कि हमारी फील्डिंग बहुत खराब थी।
इसके साथ ही पंत ने टीम के स्टार बल्लेबाजों मिचेल मार्श, एडेन मार्कराम और निकोलस पूरन का बचाव भी किया, जो हाल के मैचों में बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। पंत ने कहा, “यह तब समझ में आता है जब आपका शीर्ष क्रम अच्छा प्रदर्शन करता है। हर मैच में हम उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद नहीं कर सकते। यह खेल का हिस्सा है, कभी-कभी हमें इसे गहराई तक लेकर जाना पड़ता है।” पंत ने फील्डिंग में हुई गड़बड़ी को भी हार का मुख्य कारण माना, जिससे टीम को बहुत नुकसान हुआ।

