नई दिल्ली। पुणे जिले के एक गांव में 65 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की बच्ची के साथ पहले रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी। मामले को लेकर गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस चौकी का घेराव करके लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मौत की सजा की मांग की है।
इसको लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने लोगों से संयम बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने गिरफ्तार आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की।
‘मानवता को कलंकित करने वाली घटना’
सुले ने इस घटना को अमानवीय करार देते हुए मानवता को कलंकित करने वाली घटना बताया। एनसीपी सांसद ने यह भी कहा कि उन्होंने पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक से बात की है और आश्वासन दिया गया कि मामले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “मैंने नास्रापुर में अमानवीय घटना के संबंध में पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक से बात की है, जिसने मानवता को कलंकित किया है। उन्होंने इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दरिंदे के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मैं इस मामले पर सरकार और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं और पीड़िता को न्याय दिलाने का प्रयास जारी है।”
‘संयम बरतें लोग’
उन्होंने आगे कहा, “मेरा सभी नागरिकों से विनम्र निवेदन है कि हम सभी की सामूहित इच्छा है कि अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा मिले और पीड़िता को न्याय मिले। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में हम सभी के आक्रामक रुख को ध्यान में रखा है। कृपया हम सभी इस मामले में संयम बरतें। इस मामले में दोषी पक्ष के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
अनिल देशमुख ने क्या कहा?
इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए देशमुख ने एक्स पर कहा कि महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर ऐसी शर्मनाक घटना होना राज्य को शोभा नहीं देता। उन्होंने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक अदालत में की जाए और आरोपी को तत्काल फांसी की सजा दी जाए।
यह घटना तब सामने आई जब बच्ची लापता हो गई और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें आरोपी बच्ची के साथ नजर आया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को खाने-पीने का लालच दिया और एक झोपड़ी में ले गया। इसके बाद बच्ची के साथ रेप किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।

