आज जम्मू-कश्मीर एक महत्वपूर्ण क्षण का साक्षी बनेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिनाब नदी पर बने अद्वितीय चिनाब पुल को राष्ट्र को समर्पित किया. इसके साथ ही, कटरा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रीनगर के लिए रवाना किया. इस परियोजना के माध्यम से कश्मीर का रेल मार्ग कन्याकुमारी तक जुड़ जाएगा, जिससे दिल्ली और कश्मीर के बीच की दूरी कम होगी. चिनाब ब्रिज विश्व का सबसे ऊँचा रेल आर्च ब्रिज है, जो भूकंपीय क्षेत्र पांच में स्थित है. यह पुल दो पहाड़ों के बीच निर्मित है, जहाँ तेज हवाओं के कारण विंड टनल फिनोमेना का अनुभव होता है. इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए, पुल को 260 किलोमीटर प्रति घंटा की हवा की गति का सामना करने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कटरा से श्रीनगर तक उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. इस अवसर पर वे दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, चेनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज का उद्घाटन भी करेंगे. इसके साथ ही, कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी.
आजादी के 77 साल बाद भी कश्मीर बर्फबारी के मौसम में देश के अन्य हिस्सों से कट जाता है, खासकर नेशनल हाईवे-44 के बंद होने के कारण. इस स्थिति में जम्मू से कश्मीर पहुंचने में 8 से 10 घंटे का समय लग जाता था. लेकिन अब ट्रेन सेवा शुरू होने से यह यात्रा मात्र तीन घंटे में पूरी हो सकेगी।
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि रेलवे ने उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक पर दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. ये ट्रेनें श्री माता वैष्णो देवी, कटरा से श्रीनगर के बीच प्रतिदिन संचालित होंगी. पहली ट्रेन सुबह 8:10 बजे और दूसरी 14:55 बजे (दोपहर 2:55 बजे) रवाना होगी. सुबह 8:10 बजे चलने वाली ट्रेन बनिहाल से होते हुए लगभग तीन घंटे में सुबह 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी, जबकि दूसरी ट्रेन शाम 6 बजे श्रीनगर पहुंचेगी. इसके विपरीत, 26404 ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8 बजे श्रीनगर से चलकर श्री माता वैष्णो देवी, कटरा स्टेशन पहुंचेगी. दूसरी ट्रेन दोपहर 2 बजे श्रीनगर से रवाना होकर प्रतिदिन शाम 5:05 बजे कटरा पहुंचेगी. इन ट्रेनों में आठ कोच होंगे, जिसमें एक्जीक्यूटिव क्लास और चेयर कार की सुविधा उपलब्ध होगी.

