पटना। बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को खास बिहारी अंदाज में नजर आए।
उनके स्वागत में बिहार की संस्कृति और परंपरा की झलक भी दिखी। प्रधानमंत्री ने पहले नीतीश सेतु पर मिथिला पेंटिंग की छाप वाले गमछे को लहराकर लोगों का अभिवादन किया।
इसके बाद सभास्थल पहुंचने पर भी उन्होंने इसी अंदाज में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मंच पर पहुंचने के दौरान प्रधानमंत्री का एक अलग अंदाज देखने को मिला।
वहां मौजूद नेताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए जब वे आगे बढ़े तो बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार सामने आए।
निशांत कुमार प्रधानमंत्री के पैर छूने के लिए झुके तो मोदी ने उन्हें रोकते हुए गले लगा लिया। इस आत्मीय मुलाकात ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
इसके बाद बिहार सरकार के एक और युवा मंत्री दीपक प्रकाश पीएम के पास पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।

