व्यापार

9 मार्च से खुलेगा राजपूताना स्टेनलेस का 255 करोड़ रुपये का IPO

अगर आप शेयर बाजार में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो मार्च का महीना आपके लिए कमाई का अच्छा मौका लेकर आ रहा है. गुजरात की दिग्गज कंपनी राजपूतना स्टेनलेस (Rajputana Stainless) अपना IPO लेकर आ रही है. यह इस महीने का दूसरा बड़ा मेनबोर्ड IPO होगा. कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 255 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है.

IPO कब खुलेगा और क्या है कीमत?

राजपूतना स्टेनलेस का IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए 9 मार्च को खुलेगा और 11 मार्च को बंद हो जाएगा. बड़े निवेशकों (Anchor Investors) के लिए यह मौका 6 मार्च को ही खुल जाएगा. कंपनी ने अपने शेयर की कीमत 116 रुपये से 122 रुपये के बीच तय की है. अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो 16 मार्च को कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएंगे.

आपको कम से कम कितना पैसा लगाना होगा?

एक आम निवेशक (Retail Investor) को इस IPO में कम से कम 110 शेयर्स के लिए बोली लगानी होगी. इसका मतलब है कि आपको कम से कम 13,420 रुपये का निवेश करना होगा. कोई भी रिटेल निवेशक अधिकतम 1,87,880 रुपये तक के शेयर खरीद सकता है. कंपनी ने अपने 35% शेयर आम जनता के लिए रिजर्व रखे हैं.

कंपनी इन पैसों का क्या करेगी?

1991 में शुरू हुई यह कंपनी स्टेनलेस स्टील के बिलेट्स और बार्स बनाती है. IPO से मिलने वाले पैसों में से 18.57 करोड़ रुपये का इस्तेमाल गुजरात के पंचमहल प्लांट को बड़ा बनाने और नए तरह के पाइप्स बनाने में किया जाएगा. इसके अलावा, कंपनी 98 करोड़ रुपये अपना कर्ज चुकाने के लिए इस्तेमाल करेगी, जिससे कंपनी की फाइनेंशियल हालत और मजबूत होगी.

कंपनी की कमाई कैसी है?

राजपूतना स्टेनलेस का कारोबार सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका और पोलैंड जैसे 9 देशों में फैला है. मार्च 2025 में खत्म हुए साल में कंपनी का मुनाफा 26% बढ़कर 39.85 करोड़ रुपये रहा. वहीं, इस साल की पहली छमाही (सितंबर 2025 तक) में कंपनी ने पहले ही 24.4 करोड़ रुपये का मुनाफा कमा लिया है, जो कि कंपनी की अच्छी ग्रोथ को दर्शाता है.

Related Articles

Back to top button