उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां गंगानगर इलाके के रक्षापुरम सेक्टर-4 में एक रिटायर्ड दारोगा और उनकी पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब घर की नौकरानी काम करने पहुंची, तब इस दोहरे सुसाइड का खुलासा हुआ। एक साथ दो मौतों की खबर से पूरे इलाके और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
नौकरानी ने देखा खौफनाक मंजर
जानकारी के मुताबिक, 68 वर्षीय रिटायर्ड दरोगा लल्लू सिंह अपनी 60 साल की पत्नी संतोष के साथ रक्षापुरम स्थित अपने निजी मकान में रहते थे। बुधवार सुबह जब मेड (नौकरानी) हमेशा की तरह काम करने पहुंची, तो उसने देखा कि घर के दरवाजे खुले हुए थे। अंदर जाते ही उसकी चीख निकल गई— पति-पत्नी अलग-अलग फंदे पर लटके हुए थे।
घटनाक्रम की मुख्य बातें:-
घर के मुख्य द्वार खुले मिलना पुलिस के लिए जांच का विषय है। लल्लू सिंह का बेटा संदीप मेरठ की ही गंगा धाम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता है, जबकि बुजुर्ग दंपति अलग रहते थे। लल्लू सिंह की आखिरी पोस्टिंग मुजफ्फरनगर में थी, जिसके बाद वे मेरठ में बस गए थे।
क्या ‘डिप्रेशन’ और ‘गृह क्लेश’ बनी वजह?
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि परिवार में पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। साथ ही, चर्चा यह भी है कि रिटायर्ड दरोगा लंबे समय से डिप्रेशन (तनाव) का शिकार थे। हालांकि, पुलिस अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुँची है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

