क्राइम

शिवलिंग खंडित, गाय के बछड़े को काटकर फेंका, अलवर के मंदिर में तोड़फोड़ के बाद बवाल

राजस्थान, अलवर शहर के अरावली विहार पुलिस थाना क्षेत्र में भाखेड़ा के पास कब्रिस्तान के समीप स्थित एक प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। मंदिर में रखे शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और अन्य मूर्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। बता दें कि सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो उन्होंने टूटी मूर्तियां और पत्थरों का मलबा देखा। कुछ ही दूरी पर एक बछड़ा मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

पहले भी टूटी थीं मूर्तियां

स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन दिन पहले नंदी की मूर्ति की गर्दन टूटी हुई मिली थी। इसके बाद गणेश जी की सूंड भी खंडित पाई गई थी। उस समय आसपास बंदरों की मौजूदगी को कारण मान लिया गया था। लेकिन इस बार शिवलिंग को पूरी तरह से तोड़ा गया है और पास में पत्थर का मलबा भी पड़ा मिला है। इससे लोगों को संदेह हुआ कि यह घटना जानबूझकर की गई है।

बछड़ा मृत मिलने से बढ़ा आक्रोश

मंदिर के पास बछड़ा मृत मिलने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि यह धार्मिक माहौल खराब करने की साजिश हो सकती है। भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हुए और धरने पर बैठकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button