अमेरिका ट्रेड डील को लेकर AI Summit में यूथ कांग्रेस का टी-शर्ट खोलकर पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी, बीजेपी बोली- देश विरोधी हरकत

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर यूथ कांग्रेस ने भारत मंडपम में घुसकर प्रदर्शन किया और पीएम मोदी के खिलाफ नारे लगाए. बीजेपी ने इसे लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा.
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस ने हंगामा किया. यूथ कांग्रेस ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और उनकी सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाया.
भारत मंडपम में पीएम मोदी के विरोध में लगे नारे
यूथ कांग्रेस ने कहा, ‘जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो तो साफ है पीएम मोदी COMPROMISED हैं. इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता AI Summit पहुंचे और Compromised PM के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं. इंकलाब जिंदाबाद.’
भारत मंडपम में प्रदर्शन कर रहे चार यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता की पहचान हुई है, जो कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे थे. उनकी पहचान कृष्णा हरि राष्ट्रीय सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस, कुंदन यादव बिहार राज्य सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस, अजय कुमार उत्तर प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष, भारतीय युवा कांग्रेस, नरसिम्हा यादव राष्ट्रीय समन्वयक, भारतीय युवा कांग्रेस के रूप में हुई है. ये सभी QR कोड से एंट्री लेकर भीतर गए थे.
बीजेपी का राहुल गांधी पर निशाना
बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है तो कांग्रेस पार्टी ने गरिमा की जगह इसमें अड़ंगा डालने का रास्ता चुना. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिखर सम्मेलन वाली जगह पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया, जो स्पष्ट रूप से भारत को वैश्विक मंच पर शर्मिंदा करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य था. राजनीतिक विरोध करना एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करना नहीं.’
ये देश विरोधी हरकत: बीजेपी
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, ‘कांग्रेस ने दुनिया के सामने देश का अपमान किया. ये लोग अर्बन नक्सल की तरह व्यवहार कर रहे हैं. भारत के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. कांग्रेस राहुल गांधी ने साबित किया कि वे देश के विरोध में खड़े हैं. ये देश विरोधी हरकत है. कांग्रेस को देश के विकास से नफरत है.’



