
तखतपुर थाना क्षेत्र में हुई सडक़ दुर्घटना में महिला की मौत की खबर देने जा रहे उसके बेटे और दोस्त की मौत भी सडक़ हादसे में ही हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद तीनों शवों को स्वजन को सौंप दिया है। तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि ग्राम अरईबंद की इंदिराबाई बंजारे (55) की तबीयत बिगडऩे पर पति सुखचैन उसे इलाज के लिए ग्राम मोछ ले जा रहे थे। गुरूवार की शाम चार बजे तालाब के पास पगडंडी पर बाइक फिसलने से महिला गिर गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुखचैन ने बेटे संत बंजारे को सूचना दी, जो अपने मित्र जितेंद्र के साथ तखतपुर अस्पताल पंहुचा। रात में लौटते समय ग्राम खपरी के पास उनकी बाइक एवं सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दोनों की मौत हो गई।



