चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने बुधवार को चेन्नई के एग्मोर स्थित सरकारी बच्चों के अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री अरुणराज और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, उपचार सुविधाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजनों से बातचीत कर इलाज की गुणवत्ता, डॉक्टरों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं के बारे में सीधा फीडबैक भी लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान थलपति विजय बच्चों को गोद में उठाते हुए भी नजर आए। उनका यह अंदाज देख अस्पतल में मौजूद स्टाफ और मरीज भी हैरान रह गए।
इन मुद्दों पर अधिकारियों के साथ चर्चा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अस्पताल के वर्तमान संचालन, मरीजों की बढ़ती संख्या और भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी। अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, नई इमारतों के निर्माण, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि एग्मोर का सरकारी बच्चों का अस्पताल पूरे तमिलनाडु के प्रमुख बाल चिकित्सा संस्थानों में शामिल है, जहां हर साल हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अस्पताल का विस्तार आवश्यक माना जा रहा है।

