अस्पताल के ICU में 89 वर्षीय बुजुर्ग महिला के शरीर को चूहों ने कुतर डाला…

भयंदर: महाराष्ट्र के भयंदर से मानवता को शर्मसार को करती तस्वीर सामने आई है. लापरवाही की इंतेहा इस घटना में एक 89 साल की बुजुर्ग महिला के शरीर को अस्पताल के आईसीयू में चूहों ने कुतर डाला. हैरानी की बात तो ये कि इस घटना का डॉक्टर-नर्स और बाकी स्टाफ को भी पता नहीं चला. वो तो भला हो परिजनों का जिन्होंने देखते ही तुरंत सूचना दी. उससे पहले चूहों ने उनके शरीर में कई घाव कर दिए थे.
बुजुर्ग महिला सुहासिनी माठेकर का भयंदर के अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा था. उन्हें 12 मार्च को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित ICU में वेंटिलेटर पर रखा गया है. आईसीयू में आम लोगों का प्रवेश वर्जित होता है, वहां चूहों ने इस कदर उत्पात मचाया कि उन्होंने वेंटिलेटर पर बेसहारा लेटी बुजुर्ग महिला के हाथ को जगह-जगह से कुतर डाला.
सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब महिला के रिश्तेदार उनसे मिलने पहुंचे, तो उन्होंने अपनी आंखों से चूहे को महिला का हाथ कुतरते देखा. परिजनों के आते ही चूहे भाग निकले, लेकिन तब तक महिला के हाथ पर गहरे घाव हो चुके थे. इस पूरी घटना के दौरान वार्ड में तैनात डॉक्टर या नर्सों ने ध्यान नहीं दिया.परिजनों के आने के बाद ही बुजुर्ग महिला की ये हालत अस्पताल स्टाफ को पता चली .



