बिहार के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. मोकामा के नदवां गांव में हुए शादी के महाभोज में करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया गया है. इतनी भारी भीड़ के कारण वहां खाने की प्लेटें कम पड़ गईं, जिसके बाद मेहमानों के देसी जुगाड़ के हैरान करने वाले वीडियो वायरल हो रहे हैं. पत्तल न मिलने पर कोई गिलास में पूड़ी-सब्जी खा रहा है, तो कोई सीधे बड़े बर्तनों से खाना निकाल रहा है. रसगुल्लों के लिए मची लूट और आपाधापी के इन नजारों ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. कुछ लोग तो कार्टन में खाना भरकर खाते देखे गए.

अनंत सिंह ने पहले ही साफ कह दिया था कि उनकी बेटी शिवांगी की शादी में आने के लिए किसी को न्योते की जरूरत नहीं है. बस फिर क्या था, पूरे बिहार से लोग इस महाभोज का हिस्सा बनने पहुंच गए. इतनी भारी भीड़ के सामने वीआईपी इंतजाम भी छोटे पड़ गए. इसके बाद जो हुआ, उसकी तस्वीरें और वीडियो देखकर आप भी हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे.

सबसे मजेदार नजारा तो तब दिखा जब पत्तल कम पड़ गए. अब भूखे पेट भजन तो होता नहीं, इसलिए मेहमानों ने अपना देसी जुगाड़ निकाला. लोगों ने पत्तल की जगह पानी पीने वाले गिलास उठाए और उसी में पूड़ी-सब्जी डालकर खाने लगे. कुछ लोग तो इंतजार करने के मूड में बिलकुल नहीं थे. उन्हें डर था कि कहीं उनकी पसंदीदा सब्जी खत्म न हो जाए, इसलिए वे सीधे बड़े बर्तनों के पास ही कटोरा लेकर पहुंच गए और गरम-गरम सब्जी निकालकर खाने लगे.

मिठाई के काउंटर पर तो अलग ही जंग चल रही थी. रसगुल्ले सामने आते ही लोग उस पर ऐसे टूटे कि पलक झपकते ही बर्तन साफ हो गया. एक वीडियो में तो एक शख्स इस आपाधापी का हाल बताते हुए कह रहा है, ‘भाई, यहां खाना मिलना जंग जीतने जैसा है.

आपके भाई ने खाना पा लिया, मतलब जंग जीत ली. लेकिन रसगुल्ला तो लूट गया, हमें मिला ही नहीं.’ हद तो तब हो गई जब भीड़ में कुछ लोग पनीर की सब्जी से पनीर के टुकड़े छांटते नजर आए.

