एक ऐसा स्थान जहां बिन ब्याही मांओं और उनके नवजात शिशुओं के लिए आशियाना बना हो, जब उसके नीचे पुलिस ने खोदना शुरू किया तो लाशें ही लाशें मिलती चली गईं. अब हड्डियों और अवशेषों के रूप में मिल रहीं ये लाशें थी उन मासूम बच्चों की जो कभी वहां रहे थे. यहां अबतक 109 शिशुओं के अवशेष मिले हैं. आयरलैंड की यह खबर रूह में सिहरन पैदा कर देती है. इसपर The Lost Children of Tuam नाम से एक इंग्लिश फिल्म भी बनी है जो रिलीज हो चुकी है.
अभी क्या हुआ है?
आयरलैंड के काउंटी गॉलवे में मां और बच्चे के लिए बने एक पुराने संस्थान की जगह पर खुदाई कर रही टीम को 10 और बच्चों के अवशेष मिले हैं. टुआम में चल रही खोज में मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, अब तक कुल 109 शिशुओं के अवशेष मिल चुके हैं. शिशुओं को अंडरग्राउंड सेप्टिक टैंक तक में दफना दिया गया था. मां और बच्चे के लिए यह संस्थान 1925 से 1961 तक चला.

जमीन के नीचे बनी गुंबददार संरचना के अंदर काम करने वाली फोरेंसिक खुदाई टीम का एक मेंबर (क्रेडिट- ODAIT)
यह मामला 2014 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया, जब स्थानीय रिसर्चर कैथरीन कोरलेस को उस संस्थान में रहे बच्चों और शिशुओं के 796 डेथ सर्टिफिकेट तो मिले, लेकिन उनके दफनाए जाने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार खुदाई का काम जुलाई 2025 में शुरू हुआ था. अवशेषों के ताजा अपडेट में इस साल 30 सितंबर तक के 11 हफ्तों की जानकारी शामिल है. उस दौरान मिले बच्चों के अवशेषों के 10 सेट साइट के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में पाए गए हैं. यानी कुल मिलाकर खुदाई के दौरान अब तक मिले सभी 109 शव ताबूतों में थे.
अभी तो और अवशेष मिलने का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार मेमोरियल गार्डन वाले इलाके में अभी पूरी तरह से खुदाई शुरू नहीं हुई है, जहां 2017 में जांचकर्ताओं को जमीन के नीचे बने कमरों में “काफी मात्रा” में अवशेष मिले थे. टुआम में मौजूद इस संस्थान का मालिकाना हक गॉलवे काउंटी काउंसिल के पास था और इसे एक धार्मिक संस्था, ‘बॉन सेकर्स सिस्टर्स’ चलाती थी.
कैसे मरे थे ये मासूम?
खराब साफ-सफाई, सही मेडिकल देखभाल की कमी और भीड़-भाड़ के कारण शिशुओं और छोटे बच्चों में संक्रामक बीमारियां तेजी से फैली थीं. या कहें कि फैलने दी गईं. उससे भी बुरी बात यह थी कि यहां मरने वाले कई बच्चों को कब्रिस्तान में विधिवत दफनाया नहीं गया था. इसके बजाय, सैकड़ों नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों के अवशेषों को उस जगह पर मौजूद एक बेकार पड़े जमीनी सीवेज और गंदे पानी के ढांचे के अंदर, बिना किसी निशान वाली सामूहिक कब्र में डाल दिया गया था.
इस संस्था ने पहले ही माना है कि बच्चों और शिशुओं को बेअदबी भरे और ऐसे तरीके से दफनाया गया था जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता. इसके लिए माफ़ी भी मांगी है. इस संस्थान ने खुदाई के खर्च के लिए 2.14 मिलियन यूरो का योगदान दिया है. बता दें कि 2021 में आई जांच रिपोर्ट के बाद, गॉलवे काउंटी काउंसिल ने भी माताओं और बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी न निभा पाने के लिए माफी मांगी.

