BREKING NEWSराष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन में विस्फोट, 9 की मौत

श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए आकस्मिक विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई। वहीं, इस विस्फोट में 29 अन्य लोग घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्र ने बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान सटीक जानकारी मिलने के बाद ही की जाएगी। मृतकों में एक नायब तहसीलदार (कार्यकारी मजिस्ट्रेट) और एक स्थानीय दर्जी शामिल हैं।

कुछ शव पूरी तरह से जल चुके हैं, इसलिए मृतकों की पहचान में समय लग रहा है। सूत्रों ने आगे कहा कि घायलों को इलाज के लिए बादामी बाग क्षेत्र में सेना के बेस अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात, आईजीपी और पुलिस के आला अधिकारी नौगाम पुलिस थाने में हुए आकस्मिक विस्फोट के बाद जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे।

यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए और नौगाम इलाके से 5-10 किलोमीटर दूर तक विस्फोट की आवाज सुनाई दी। इस विस्फोट के कारण पुलिस स्टेशन में खड़े कई वाहनों में आग लग गई और आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियों को भेजा गया।

Related Articles

Back to top button