अयोध्या के राजघाट स्थित महालक्ष्मी नारायण यज्ञशाला में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप…

अयोध्या के राजघाट स्थित बाटी बाबा आश्रम के पास चल रहे महालक्ष्मी नारायण यज्ञशाला में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. यह घटना उस समय हुई जब नौ दिवसीय महायज्ञ का समापन हो चुका था, और यज्ञशाला खाली हो गई थी. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की वजह से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है.

यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में हुआ था यज्ञ का आयोजन
मिली जानकारी के अनुसार यह महायज्ञ 20 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित किया गया था, जिसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे हैं. सुबह लगभग 11:30 बजे पूर्णाहुति के साथ यज्ञ संपन्न हो गया था और श्रद्धालु वहां से जा चुके थे.
इसी दौरान अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई.घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा. निखिल टीकाराम फुंडे और डॉ. गौरव ग्रोवर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.
मंत्री बोले- कोई जनहानि नहीं, आग लगने के कारणों की हो रही जांच
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो सबसे बड़ी राहत की बात है. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच के लिए टेक्निकल टीम को लगाया जाएगा.प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का जल्द खुलासा होने की उम्मीद है.


