हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में सरकारी ट्यूबवेल के निकट एक नीम के प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके हुए मिले। शव बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को उतारा। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी मची हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद कोतवाली के मोहल्ला जोगीपुर नौसारा का रहने वाला 25 वर्षीय रवि उर्फ टाइगर पुत्र बहादुर और 16 वर्षीय काजल पुत्री सुरेंद्र के शव मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सरकारी ट्यूबवेल के पास नीम के एक पेड़ से लटके हुए मिले। किशोरी दुपट्टे से लटकी थी, जबकि युवक गमछे से लटका था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस और दोनों के परिजनों को दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय, क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा।
सोमवार को दोनों घर से फरार हुए थे
बताया जाता है कि दोनों रिश्तेदार थे और उनके बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों फोन से बातचीत करते थे और चोरी छिपे मिलते भी थे। सोमवार को शाम करीब 5 बजे दोनों घर से फरार हो गए थे। मृतक युवती के पिता ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी।
कल शाम को तहरीर मिली थी- हरदोई एसपी
मौके पर पहुंचे एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मृतक युवक और युवती आपस में ही रिश्तेदार थे। कल शाम को युवती के चाचा ने युवक पर उसकी पुत्री को भगा ले जाने की तहरीर थाने में दी थी। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पुलिस जांच में जुटी है।

