इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए यह साल किसी बुरे सपने जैसा रहा है, और अब कप्तान हार्दिक पंड्या की मुसीबतें और ज्यादा बढ़ गई हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ ईडन गार्डन्स मैदान पर मिली 4 विकेट की हार के बाद हार्दिक पंड्या पर आईपीएल आचार संहिता (IPL Code of Conduct) का उल्लंघन करने के लिए जुर्माना लगाया गया है। इस सीजन में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सफर बेहद निराशाजनक रहा है और इस नई मुश्किल ने हार्दिक की टेंशन दोगुनी कर दी है।
मैदान पर गुस्सा निकालना पड़ा भारी
आईपीएल द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, हार्दिक पंड्या को लेवल 1 के अपराध का दोषी पाया गया है। ‘हार्दिक पंड्या को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते पाया गया। यह नियम मैच के दौरान मैदान की चीजों या क्रिकेट किट को नुकसान पहुंचाने या गुस्सा निकालने से संबंधित है।’ यह घटना केकेआर की पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई। जब हार्दिक पंड्या रन-अप के लिए वापस जा रहे थे, तब उन्होंने गुस्से में आकर विकेट पर लगे गिल्लियां (bails) को जोर से मार कर गिरा दिया। मुंबई इंडियंस के कप्तान ने अपनी इस गलती को स्वीकार कर लिया है और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।
सस्पेंशन का बढ़ा खतरा
जुर्माने के साथ-साथ हार्दिक पंड्या के खाते में एक डिमेरिट पॉइंट (demerit point) भी जोड़ दिया गया है। आईपीएल के नियमों के मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी 4 से 7 डिमेरिट पॉइंट्स जुटा लेता है, तो उस पर एक मैच का बैन (suspension) लग सकता है। प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी मुंबई के लिए यह एक और करारा झटका है।
टीम के प्रदर्शन पर उठे सवाल
मैच के बाद हार्दिक पंड्या ने खुद माना कि टीम की बल्लेबाजी और खराब फील्डिंग ही इस सीजन में उनकी बर्बादी का कारण बनी। उन्होंने कहा, ‘बल्लेबाजी में हम कम से कम 20 रन पीछे रह गए। पूरे सीजन में हमारी फील्डिंग बेहद खराब रही है और हमने कई कैच छोड़े। अगर आपको मैच जीतना है, तो आधे मौकों को भी लपकना होगा।’

