Devon Conway: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मैच 4 नवंबर को होना है। इस मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की टीम को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। मंगलवार को ईडन पार्क में अभ्यास सत्र के दौरान कैच लेने की कोशिश में उनकी मैट हेनरी से टक्कर हो गई थी, जिसके बाद उन्हें चोट लगी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) के मुताबिक, इस घटना के तुरंत बाद दोनों खिलाड़ियों को मेडिकल सहायता दी गई और उनके सिर में लगी चोट की जांच की गई। वहीं, मैट हेनरी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि डेवोन कॉनवे को आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। जांच में उनके कन्कशन (सिर में चोट लगने के कारण होने वाली समस्या) की पुष्टि हुई है। इसके चलते वह भारत के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में नहीं खेल पाएंगे।
रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन वनडे सीरीज पहले ही हो चुके हैं बाहर
डेवन कॉनवे की चोट से न्यूजीलैंड की टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इससे पहले मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र भी क्रमशः हैमस्ट्रिंग और कंधे की चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
इस बीच, विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट, जिन्हें शुरुआत में केवल पहले दो वनडे मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया था, सोमवार को पूरी वनडे सीरीज के लिए टीम का हिस्सा बना दिए गए।
कीवी कप्तान ने क्या दिए संकेत?
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने संकेत दिया कि डेवोन कॉनवे की जगह टिम सीफर्ट को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कॉनवे की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका होगी। साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में कॉनवे की बल्लेबाजी क्षमता की तारीफ करते हुए अभ्यास के दौरान हुई इस टक्कर को दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना बताया।
सैंटनर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि सीफर्ट हमारी टीम में बैकअप बल्लेबाज हैं। इसलिए अगर डेव उपलब्ध नहीं होते हैं तो उनकी जगह सीफर्ट को सीधे शामिल किया जा सकता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि कॉनवे वनडे क्रिकेट में काफी अच्छे खिलाड़ी हैं और टी20 सीरीज में भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। यह उन दुर्भाग्यपूर्ण हादसों में से एक है, जो कभी-कभी हो जाते हैं।’
भारतीय टीम को मिलेगी कड़ी चुनौती?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड में होगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज खेली गई थी। भारत ने शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। हालांकि, न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी करते हुए आखिरी दोनों मैच जीत लिए और टी20 सीरीज 3-2 से समाप्त की। अब मेजबान न्यूजीलैंड की टीम टी20 सीरीज के आखिरी दो मैचों में मिली जीत की लय को वनडे सीरीज में भी बरकरार रखते हुए शुरुआती बढ़त हासिल करना चाहेगी। वहीं, भारतीय टीम टी20 सीरीज के अंत में मिली हार से उबरकर वनडे सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी।

