Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 25 मई की है। मृतक की पहचान अश्वनी पुत्र राम रत्न निवासी गांव डवारू, दाड़लाघाट के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में दीपक कुमार उर्फ शशि पुत्र राम दत्त शर्मा निवासी गांव कोटला पुजारिया ने बताया कि 25 मई को वह और अश्वनी जालपा माता मंदिर स्यार पहुंचे, जहां वह कुनाल पुत्र पाली निवासी स्यार से मिले। इसके बाद तीनों शराब लेकर गांव के समीप जंगल में चले गए और देर शाम तक वहीं बैठे रहे। इसी दौरान पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा छिड़ गई। अश्वनी ने जब कुनाल के रिश्तेदार की हार की भविष्यवाणी की, तो कुनाल भड़क गया और दोनों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
शिकायत के अनुसार, बाद में तीनों तपन पुत्र मस्तराम निवासी स्यार के घर पहुंचे। यहां शराब पीते समय दोनों के बीच फिर से विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कुनाल को शांत करने के लिए कमरे के अंदर बैठा दिया गया था। आरोप है कि रात को कुनाल गुस्से में बाहर आया और उसने अश्वनी को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह बालकनी से नीचे गिर गया। वहीं, घटना के तुरंत बाद घायल को अर्की अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगामी जांच में जुटी हुई है।

