वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज इन दिनों भारत के दौरे पर हैं. दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की कवायद के बीच, रोड्रिगेज का एक बेहद खास और आध्यात्मिक रूप भी देखने को मिला. वे आंध्र प्रदेश के सत्य साईं जिले के पुट्टपर्थी पहुंचीं. उन्होंने श्री सत्य साईं बाबा के आध्यात्मिक मुख्यालय ‘प्रशांत निलयम’ में शीश झुकाया.
डेल्सी रोड्रिगेज का श्री सत्य साईं हवाई अड्डे पर मौजूद उच्चाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. हाई-प्रोफाइल दौरा होने के कारण हवाई अड्डे से लेकर प्रशांत निलयम तक सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यवाहक राष्ट्रपति का काफिला सीधे आध्यात्मिक मुख्यालय के लिए रवाना हुआ.

महासमाधि पर दी पुष्पांजलि
हवाई अड्डे से सीधे प्रशांत निलयम पहुंचने के बाद डेल्सी रोड्रिगेज ने सबसे पहले ‘शांति भवन’ में कुछ देर आराम किया. इसके बाद वे सीधे भगवान श्री सत्य साईं बाबा की महासमाधि के दर्शन के लिए आगे बढ़ीं. उन्होंने महासमाधि पर काफी श्रद्धा के साथ पुष्पांजलि अर्पित की और कुछ वक्त मौन रहकर प्रार्थना की. इस दौरान पूरा माहौल बेहद भक्तिमय नजर आया.
इस खास मौके पर श्री सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आर.जे. रत्नाकर और अन्य वरिष्ठ ट्रस्टी भी उनके साथ मौजूद रहे. ट्रस्टियों ने कार्यवाहक राष्ट्रपति का स्वागत किया और उन्हें परिसर और वहां की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी.
भजनों में हुईं शामिल
महासमाधि पर प्रार्थना करने के बाद डेल्सी रोड्रिगेज ‘साईं कुलवंत हॉल’ में आयोजित विशेष भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुईं. यहां छात्रों की ओर से एक बेहद खूबसूरत सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई. इसमें भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों और लीलाओं को नाटक के माध्यम से जीवंत किया गया था. कार्यवाहक राष्ट्रपति इस प्रस्तुति को देखकर बेहद अभिभूत नजर आईं.

