भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मोदी सरकार पर युवाओं के साथ सिस्टमैटिक धोखा करने का आरोप लगाते हुए पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बेरोजगारी के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जाएगा।
बड़े छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू करेगी कांग्रेस
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस अभियान के तहत बड़े छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू करेंगे। इसकी शुरुआत राजस्थान के कोटा जिले से होगी। देश भर में कोचिंग हब के नाम से पहचाने जाने वाले कोटा में 17 जून को राहुल गांधी अभियान का आगाज करेंगे। इसके बाद 10 जुलाई को यूपी के इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में सम्मलेन होगा।
कांग्रेस ने स्टूडेंट विंग को किया सक्रिय
कांग्रेस ने इस आंदोलन को लोगों तक पहुंचाने के लिए अभी से अपने यूथ विंग और स्टूडेंट विंग को सक्रिय कर दिया है। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस कमेटी को आंदोलन से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई है। कांग्रेस ने कहा कि इस अभियान को राजनीतिक विचारधारा से ऊपर देखा जाना चाहिए।
पार्टी के बड़े नेताओं ने कहा कि वह इस मुद्दे को केवल सड़कों तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि आगामी मानसून सत्र के दौरान संसद में भी जोरदार तरीके से उठाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से संसद में पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की मांग की है। साथ ही, परीक्षा प्रणाली में सुधार व युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए नए कानून बनाने की मांग भी की है।
किन मांगों को लेकर कांग्रेस करने जा रही छात्र सम्मेलन
●केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
●नीट परीक्षा का विकेंद्रीकरण
●सरकारी परीक्षाओं में आवेदन शुल्क माफ
●परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करना
●भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी करना

