Prayagraj News : प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित लल्ला चुंगी चौराहे पर शनिवार सुबह एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को कथित तौर पर मृतक के बेटे ने अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
मृतक की पहचान शिवकुटी क्षेत्र के लाल की सराय निवासी 70 वर्षीय राम दुलारे कोरी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनमें से एक ने उन पर गोली चला दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआत में पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी, लेकिन अस्पताल में जांच के दौरान बुजुर्ग के सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले ने हत्या का रूप ले लिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर हमलावरों की तस्वीर सामने आई। फुटेज देखने के बाद परिजनों ने एक आरोपी की पहचान मृतक के छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा के रूप में की।
भरण-पोषण के खर्च को लेकर बाप-बेटे में चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, पिता और बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। भरण-पोषण को लेकर मामला अदालत तक पहुंचा था, जिससे आरोपी नाराज बताया जा रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वारदात में शामिल दूसरा युवक आपराधिक पृष्ठभूमि का हो सकता है। एसीपी कर्नलगंज विमल किशोर मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

