चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी. जानकारी के अनुसार, तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान के पास पहुंचे. इनमें से दो आरोपी अचानक दुकान के अंदर घुस गए और वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका दिए बिना ऑटोमैटिक हथियार से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
हमलावरों ने सीधे काउंटर पर बैठे कैशियर को निशाना बनाया और उस पर कई राउंड फायरिंग की. गोली लगने से कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

अचानक दोनों युवक फायरिंग शुरू कर देते हैं
वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक दुकान पर पहुंचते हैं और अंदर आकर दुकानदार के पास खड़े हो जाते हैं. वे कुछ समय तक माहौल को समझने और हालात का जायजा लेने की कोशिश करते हैं. इस दौरान दुकानदार एक ग्राहक से बातचीत में व्यस्त दिखाई देता है और उसे किसी तरह के खतरे का अंदेशा नहीं होता. तभी अचानक दोनों युवक फायरिंग शुरू कर देते हैं. गोलियों की आवाज सुनते ही दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच जाती है और दहशत के चलते लोग इधर-उधर भागने लगते हैं.
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.

