बेगूसराय: बिहार में बेगूसराय जिले के सिंघौल थानाक्षेत्र में दो जीपों की भिडंत में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। जान गंवाने वालों की पहचान ऋषभ कुमार (26), सनी कुमार (24), हिमांशु कुमार (22) और राजा कुमार (21) के रूप में हुई है।
सिंघौल के थाना के प्रभारी (एसएचओ) संतोष कुमार ने संवाददाताओं से बताया, ”रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सिंघौल थानाक्षेत्र में अंग्रेजी ढाला के समीप दो जीपों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में आठ लोग घायल भी हुए हैं।” उन्होंने बताया कि घायलों को निकट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच की जा रही है।
दोनों जीपें बुरी तरह क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों के अनुसार जिनकी लोगों की जान चली गई उनमें से तीन मित्र पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने के लिए सिमरिया जा रहे थे, जबकि चौथा व्यक्ति बारात में शामिल होकर सिंघौल थानाक्षेत्र के विनोदपुर जा रहा था। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जीपें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

