भुवनेश्वर : सीजेपी आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफे से दिल्ली के साथ ओडिशा में हलचल मची है। ओडिशा में धर्मेंद्र प्रधान समर्थकों का मानना है कि पार्टी के भीतर उन्हें किनारे नहीं किया जा सकता है। इस्तीफे के बाद जिस तरह संसद में उनका स्वागत हुआ, उससे यह तय हो गया कि अभी उनकी राजनीति बाकी है। हालांकि यह अभी क्लियर नहीं है कि बीजेपी प्रधान को क्या भूमिका देगी, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी अपने खास सेनापति को बिना किसी बड़े दायित्व के नहीं रखेंगे। विधायकों और बीजेपी नेताओं ने संकेत दिए हैं कि अब धर्मेंद्र प्रधान के लिए ओडिशा का चीफ मिनिस्टर बनने का विकल्प खुल गया है। सूत्रों का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान अभी दिल्ली में रहेंगे और अमित शाह की कोर टीम में काम करेंगे। उन्हें फिलहाल ओडिशा नहीं भेजा जाएगा।
अब मोदी कैबिनेट में ओडिशा के दो मंत्री
नरेंद्र मोदी की केंद्रीय कैबिनेट में ओडिशा के तीन मंत्री थे। संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान, सुंदरगढ़ के सांसद जुएल ओराम और राज्यसभा सांसद अश्विनी वैष्णव। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ओडिशा के किसी बड़े चेहरे को मोदी सरकार में जगह मिल सकती है। मगर नरेंद्र मोदी अपने भरोसेमंद सिपहसलारों में से एक धर्मेंद्र प्रधान को कहां एडजस्ट करेंगे, ओडिशा में अब इस पर चर्चा हो रही है। पार्टी के सूत्र बताते हैं कि अब ओडिशा बीजेपी में अंदरूनी सत्ता का संतुलन भी बदल सकता है। धर्मेंद्र प्रधान थोड़े इंतजार के बाद ओडिशा में पावर सेंटर बनाए जा सकते हैं। मई 2029 में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव होंगे। इस हिसाब से ओडिशा में अभी बीजेपी सरकार का 3 साल का कार्यकाल बाकी है।
ओडिशा के विधायकों में प्रधान की पकड़
रिपोर्टस के मुताबिक, ओडिशा सरकार और संगठन में धर्मेंद्र प्रधान काफी मजबूत हैं। धर्मेंद्र प्रधान 2014 के बाद से ओडिशा में काफी सक्रिय रहे। उन्होंने कांग्रेस और बीजू जनता दल के मजबूत नेताओं को बीजेपी में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने एक-एक सीट के लिए रणनीति बनाई थी। तत्कालीन सीएम नवीन पटनायक के सेक्रेटरी रहे वीके पांडियन की रणनीति का मुकाबला किया और पार्टी 2024 में सत्ता में आ गई। माना जाता है कि आज भी ओडिशा में बीजेपी के 78 विधायकों में से अधिकतर प्रधान की पसंद हैं। ओडिशा सरकार के 16 मंत्रियों में से 7-8 धर्मेंद्र प्रधान के समर्थक हैं।

