सूरत। सूरत के सरथाणा इलाके में दोस्ती के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक कढ़ाई (एम्ब्रॉयडरी) व्यवसायी को उसके अपने ही तीन दोस्तों ने आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस दोस्ती के नाम पर उन्होंने दगा किया, उन्हीं तीनों आरोपियों को पुलिस ने ‘फ्रेंडशिप डे’ के दिन ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मूल रूप से जूनागढ़ के विसावदर (मोणिया गांव) के निवासी और सूरत के सरथाणा में रहने वाले राजेशभाई कुंजड़िया ने बीती 30 जुलाई को जहरीली दवा पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक के तीन दोस्तों—घनश्याम अहीर, निक्षित उर्फ रिकी और दाढ़ी अहीर ने उनके साथ कुल 17.32 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।

