मेरठ : मेरठ के एनएच-58 पर उस समय माहौल भक्तिमय हुआ और कांवड़िये उत्साह से भर गए, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदीपुरम मेट्रो स्टेशन के सामने बनाए गए मंच से उन पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब आधा घंटा देरी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचते ही कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से करीब आधे घंटे तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर फूल बरसाए। इसी दौरान सड़क पर मौजूद कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री के स्वागत और पुष्पवर्षा के बीच अपने डीजे की आवाज तेज कर दी। कांवड़िए गीतों पर जमकर झूमते हुए दिखे।
मुख्यमंत्री की पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई कांवड़ियों ने हाथ उठाकर जयकारे लगाए तो कुछ डीजे पर गीतों की धुन पर नाचते हुए दिखे। वे गीत – भोले नचवा दिए, डीजे बजवा दिए योगी ने, रंग जमा दिए योगी ने.. पर नाचते हुए दिख रहे थे। गीत के बोलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली और वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में डीजे को लेकर बदले माहौल का जिक्र किया गया है। गाने की धुन पर बड़ी संख्या में कांवड़िए नाचते और जयकारे लगाते रहे।
एक बार को तो माहौल ऐसा बना कि हाईवे पर मौजूद पुलिसकर्मियों के लिए कांवड़ियों को आगे बढ़ाना भी चुनौती बन गया। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी लगातार कांवड़ियों को आगे बढ़ने के लिए कहते रहे, लेकिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी और डीजे पर बज रहे गीत ने कुछ देर के लिए यात्रा की रफ्तार थाम ली।
CM को देखने उमड़ा जनसैलाब, हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करीब से देखने और उनकी पुष्पवर्षा का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग NH-58 पर पहुंचे थे। कुछ ही देर में हाईवे पर भीड़ बढ़ने लगी और एक समय ऐसा आया जब सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्यक्रम स्थल का नजारा भी खास रहा। एक ओर मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ियों पर फूल बरसा रहे थे, तो दूसरी ओर आसमान में उड़ रहे हेलीकॉप्टर से भी कांवड़ यात्रा के मार्ग पर पुष्पवर्षा की गई। जमीन और आसमान दोनों ओर से हो रही पुष्पवर्षा ने पूरे माहौल को आकर्षक बना दिया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। NH-58 पर पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। अधिकारियों की निगरानी में कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया गया। हालांकि मुख्यमंत्री को देखने के लिए उमड़ी भीड़ और कांवड़ियों के नाचने से कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
मंच पर दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर मेरठ के सांसद और अभिनेता अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक और सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

