Riyadh: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मूसा सनैया इलाके में रविवार को एक सोफा बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद 16 बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हो गई। घटना की पुष्टि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने की है। रियाद के मूसा सनैया इलाके में स्थित सोफा बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार को अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से 16 बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रियाद स्थित बांग्लादेशी दूतावास के अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। दूतावास के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हादसे की जानकारी जुटाने और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही पीड़ितों और उनके परिवारों से संबंधित जरूरी जानकारी भी जुटाई जा रही है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बताया कि सरकार इस मामले में सऊदी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। मृतकों के शवों से जुड़ी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। सरकार का कहना है कि मृतकों के परिवारों को इस मुश्किल समय में जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

